राजनांदगांव: नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरूद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के दिए निर्देश…

कलेक्टर ने नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की जिला स्तरीय बैठक ली

स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोडऩे के दिए निर्देश

अक्टूबर माह में 17.11 किलोग्राम गांजा जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार एवं 2 वाहन किए गए जब्त

राजनांदगांव 29 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की जिला स्तरीय बैठक ली। कलेक्टर ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की रोकथाम एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध विक्रय एवं तस्करी के विरूद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों एवं महाविद्यालयों को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोडऩे कहा। बैठक में बताया गया कि माह अक्टूबर 2026 में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 4 प्रकरणों में 17.11 किलोग्राम गांजा, 2 हजार 990 रूपए नगद एवं 2 वाहन जब्त किए गए तथा 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कलेक्टर ने स्वापक एवं मन: प्रभावी औषधियों के अनधिकृत व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा अवैध विक्रय के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे से दूर रखने एवं खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार करने तथा खेल गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने जेल में निरूद्ध नशे के आदी व्यक्तियों में नशीले पदार्थों के सेवन बंद होने से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं उनके समुचित प्रबंधन के लिए जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सितम्बर 2026 में 65 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। जिले के कुल 723 मेडिकल स्टोर्स में से 720 में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशामुक्ति केन्द्र में वर्तमान में नशे के आदी 9 व्यक्तियों का उपचार किया जा रहा है। विभाग द्वारा नशे के विरूद्ध आयोजित 2 जनजागरूकता कार्यक्रमों में 550 लोगों ने सहभागिता की।