राजनांदगांव: ’महावीर चैक फ्लाईओवर के नीचे फुटकर व्यापारियों को मिलेगा वैकल्पिक स्थान, दुकानों के बाहर सामान फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी’…

दीपावली पर जाम से निपटने निगम-पुलिस की पहल

’राजनांदगांव 29 अक्टूबर। दीपावली पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नगर पालिक निगम एवं पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने की पहल शुरू की है। इसके तहत जय स्तंभ चैक के पास मुख्य सड़क पर पसरा लगाकर व्यापार करने वाले फुटकर व्यापारियों को दुकानें हटाकर महावीर चैक फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित रूप से लगाने की समझाइश दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में जाम की स्थिति से बचना और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देना है। निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम, तहसीलदार श्री नाग स्वंय उपस्थित रहकर समझाईस दिए।


निगम अधिकारियों द्वारा फुटकर व्यापारियों का सर्वे कर उनके नाम दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे दुकानों को व्यवस्थित रूप से लगाने के लिए स्थान का चिन्हांकन भी किया जा रहा है। दीपावली के दौरान अस्थायी दुकान लगाकर सामान बेचने के इच्छुक व्यापारी निगम की आवक-जावक शाखा में आवेदन कर सकते हैं।

दुकानों के बाहर सामान फैलाने पर होगी कार्रवाई
त्योहार के दौरान मुख्य बाजारों में अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए स्थायी दुकानदारों को भी समझाइश दी गई है। दुकानों के बाहर या मुख्य मार्ग पर सामान फैलाकर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त करने जैसी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
’निर्धारित स्थलों पर वाहन खड़े करने की अपील’


बाजार में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों से निर्धारित अस्थायी पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है। वहीं, स्थायी दुकानदारों को ग्राहकों को पार्किंग की जानकारी देने और दुकानों के सामने बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े होने से रोकने में सहयोग करने कहा गया है। यातायात पुलिस और दुकानदारों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से दीपावली की खरीदारी के दौरान प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने, पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने और बाजारों में आवागमन सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।