
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW/ACB) की टीम ने शुक्रवार सुबह राजनांदगांव में दबिश दी।
टीम ने शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर कारोबारियों के ठिकानों पर जांच कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में हलचल देखी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, EOW की टीम सुबह करीब 7 बजे दो अलग-अलग वाहनों में सवार होकर राजनांदगांव पहुंची। टीम में लगभग 10 अधिकारी और सुरक्षाकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं।
जांच के लिए टीम का पहला ठिकाना सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा का निवास रहा। वहीं दूसरा ठिकाना लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा से संबंधित बताया गया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में हुए कथित शराब घोटाले और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है।
जांच के दायरे में दोनों कारोबारियों के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से कथित करीबी एवं व्यावसायिक संबंधों की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल जांच कार्रवाई के दौरान किन दस्तावेजों, लेन-देन या अन्य तथ्यों की पड़ताल की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। EOW की जांच के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों और आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
