राजनांदगांव: सुरगी में अवैध शराब बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 32 पौवा देशी शराब जब्त…

खरखरा नदी पुल के पास बेच रहा था शराब, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी सुरगी की टीम ने अवैध रूप से देशी शराब बिक्री करते एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 2560 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुरगी निवासी सुमित उर्फ ललित सिन्हा तिरंगा चौक स्थित खरखरा नदी पुल के पास अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए शराब रेड की कार्रवाई की।

इस दौरान आरोपी के कब्जे से छत्तीसगढ़ निर्मित शोले ब्रांड की 32 पौवा देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध पुलिस चौकी सुरगी में अपराध क्रमांक 511/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित उर्फ ललित सिन्हा (18 वर्ष 5 माह), पिता स्व. कमलेश सिन्हा, निवासी ग्राम सुरगी, तिरंगा चौक के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश कुमार बंजारे, सहायक उपनिरीक्षक हरीश टेम्भुरकर सहित आरक्षक चमन साहू, यशवंत साहू, सुनील नवरत्न, संतोष देशमुख और योगेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।