
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 30 अक्टूबर 2026 को राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 33 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासनिक आधार पर जारी इस आदेश के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, राजनांदगांव जिले में रामावतार ध्रुव को बालरामपुर के वाड्रफनगर से स्थानांतरित कर बालक विरुद्ध अपराध अन्वेषण शाखा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं, सुश्री गीता वाधवानी को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, राजनांदगांव रेंज में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
आदेश छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग के अवर सचिव सोनचंद साह के हस्ताक्षर से जारी हुआ है।
